स्पा संचालक ने पूर्व एडिशनल एसपी पर लगाए वसूली और धमकी के आरोप, वायरल स्टिंग के बाद आईजी ने एसएसपी से जांच के आदेश

बिलासपुर। न्यायधानी के एक स्पा संचालक ने पूर्व एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल पर डराने-धमकाने और पैसों की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शिकायत के साथ वायरल वीडियो और कथित स्टिंग से जुड़े सबूत भी सामने आए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने तत्काल जांच के आदेश देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बिलासपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

यह है मामला

पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र में संचालित एक वेलनेस स्पा से जुड़ा है। स्पा संचालक ने आईजी संजीव शुक्ला को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि पूर्व एडिशनल एसपी द्वारा उसे लगातार डराया-धमकाया जा रहा था और पैसों की मांग की जा रही थी। शिकायत के साथ उसने व्हाट्सएप कॉलिंग के स्क्रीनशॉट और एक वीडियो भी सौंपा है, जो फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शिकायतकर्ता का दावा है कि उसने पूर्व ASP का स्टिंग किया, जिसमें कथित रूप से पैसों की मांग और धमकी से जुड़ी बातचीत रिकॉर्ड हुई है। उसके अनुसार, लगातार दबाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था, जिसके बाद उसने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया।

आईजी ने एसएसपी को जांच के दिए निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। एसएसपी बिलासपुर को निर्देश दिए गए हैं कि वे सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, ऑडियो सामग्री और शिकायत पत्र में उल्लेखित तथ्यों की गंभीरता से जांच कर सात दिनों के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *