बालोद। बालोद जिले में महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि शादीशुदा महिला पर उसका प्रेमी शादी के लिए दबाव बना रहा था। महिला के इंकार करने पर आरोपी ने उसकी हत्या करने के बाद लाश को पत्थरों के नीचे दबाकर फरार हो गया था। पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की ये वारदात बालोद जिले के डौण्डीलोहारा थाना क्षेत्र की है। आपको बता दे 24 जनवरी को ग्राम गुरामी के जंगल में अज्ञात महिला की सड़ी-गली अवस्था में लाश मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लगने पर पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर तफ्तीश के लिए बुलाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने विशेष टीम गठित कर मृतका की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
पुलिस ने साइबर प्रहरी ग्रुप में मृतका की फोटो साझा किए, जिसके जरिए उसकी पहचान लापता कमला के रूप में हुई। परिजनों से संपर्क और पूछताछ के बाद पुलिस की टीम को जांच में अहम सुराग मिले। जांच के दौरान साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसके बाद शक के आधार पर नेमीचंद साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस की पूछताछ में पहले तो वह मुकरता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने इस वजह से महिला को उतारा मौत के घाट
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका से पिछले 5 साल से प्रेम संबंध था। महिला अपने पति को छोड़कर मायके में ही रहरक मजदूरी करती थी। पिछले कुछ दिनों से जब भी वह कमला के मोबाइल पर काॅल करता, तो उसका मोबाइल इंगेज आता। जिससे उसे कमला पर किसी और के साथ संबंध होने का शक गहराने लगा। इसी की पुष्टि करने के लिए वह 16 जनवरी को कमला को अपने साथ बाइक पर डौंडीलोहारा घुमाने ले गया। यहां उसने कमला पर किसी और से मोबाइल पर बात करने को लेकर पूछताछ करने लगा।
कमला के इंकार करने के बाद आरोपी ने मौके पर ही शराब सेवन करने के बाद कमला पर शादी कर उसके घर में रहने का दबाव बनाया जाने लगा। आरोपी की इस बात पर जब कमला ने आपत्ति जताते हुए इंकार कर दिया, तो उसने तैश में आकर उसका गला दबा दिया। जिससे कमला बेहोश हो गयी। इसके बाद आरोपी ने पत्थर से उसका सिर कुचलकर उसकी हत्या करने के बाद लाश को जंगल में पत्थरों में दबाकर फरार हो गया। आरोपी के इस कबूलनामे के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

