ट्रेन से भी कम समय में होगा पूरा सफर तय। रायपुर से नागपुर समृद्धि महामार्ग बन सकता है प्रदेश के विकास में तेजी का कारण। इसके वजह से रायपुर से मुंबई पहुँचना होगा आसान।
जहाँ रायपुर से मुंबई पहुँचने में ट्रेन मार्ग से 20 घंटे लगते हैं, वहीं आने वाले समय में यह समय घटकर सिर्फ 11:30 का हो जाएगा, वो भी हाईवे मार्ग से। क्योंकि प्रदेश सरकार ने समृद्धि एक्सप्रेसवे, जो कि नागपुर से मुंबई को कम समय में जोड़ता है, उसका विस्तार रायपुर से नागपुर करने के लिए केंद्र सरकार को पूर्व में प्रस्तावित किया हुआ है। इसके विस्तार से होगा प्रदेश का तेजी से विकास।
क्या है समृद्धि एक्सप्रेसवे?
समृद्धि महामार्ग, जिसे आधिकारिक तौर पर “हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग” कहा जाता है, एक 701 किलोमीटर लंबा छह-लेन का एक्सप्रेसवे है, जो मुंबई को नागपुर से जोड़ता है। यह मुंबई और नागपुर के बीच यात्रा के समय को 16 घंटे से घटाकर 8 घंटे कर देता है।
कैसे होगी रायपुर से मुंबई दूरी कम?
छत्तीसगढ़ के पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव के द्वारा रायपुर से नागपुर तक इस मार्ग का विस्तार करने का पूर्व में ही प्रस्ताव दिया गया है। स्वीकृति मिलने पर करीब 325 किमी का महामार्ग बनना शुरू हो जाएगा। इसके बनने के बाद रायपुर से नागपुर सिर्फ 3 घंटे में पहुँचा जा सकेगा, जबकि अभी 7 घंटे तक लगते हैं। वहीं मुंबई और नागपुर के बीच यात्रा का समय 16 घंटे से घटकर 8 घंटे हो जाएगा। इस तरह रायपुर से मुंबई का रास्ता होगा आसान।
प्रदेश को क्या होगा फायदा?
नागपुर से रायपुर तक बनाने में करीब 30 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसे भी पहले 6 लेन बनाने की योजना है। इसका फायदा रायपुर-भिलाई को होगा। अभी रायपुर से भिलाई जाने में 1 घंटा लगता है, तब आधा घंटा ही लगेगा। एक्सप्रेसवे बनने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा, जिससे आवागमन और व्यापार में आसानी होगी। इसके अतिरिक्त, यह मार्ग इन शहरों के बीच आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देगा।