रायपुर। IG रतनलाला डांगी पर लगे यौन शोषण के आरोपों की जांच शुरू हो गयी है। दरअसल 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं। एक सब इंस्पेक्टर की पत्नी ने डांगी पर पिछले सात साल से लगातार उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला ने शिकायत में वीडियो कॉल्स, चैट्स और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी प्रस्तुत किए हैं, जिन्हें पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है।इस मामले की जांच के लिए 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. आनंद छाबड़ा और आईपीएस मिलना कुर्रे को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस मुख्यालय आगे की कार्रवाई तय करेगा।
इधर, इस मामले में जांच की कार्रवाई शुरू हो गया है। जांच अधिकारी डॉ आनंद छाबड़ा और मिलना कुर्रे ने इस मामले में दोनों पक्ष को नोटिस जारी किया है। आईजी डांगी और आरोप लगाने वाली महिला को पुलिस मुख्यालय आकर पक्ष रखने को कहा गया है।
IG बोले- ब्लैकमेलिंग की शिकायत के बाद महिला ने लगाया आरोप
इस मामले में आईजी रतनलाल डांगी ने कहा कि उन्होंने इस मामले में डीजीपी को पहले शिकायत की थी। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई का अनुरोध किया था। जिसके बाद महिला ने उनके खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई बातचीत, फिर बढ़ी नजदीकियां
शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2017 में रतनलाल डांगी से उसकी जान-पहचान सोशल मीडिया के ज़रिए हुई। उस समय डांगी कोरबा जिले के एसपी थे। बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा।डांगी के दंतेवाड़ा एसपी रहते हुए पीड़िता उन्हें वीडियो कॉल पर योग सिखाया करती थी। इसके बाद जब डांगी का तबादला राजनांदगांव हुआ, तब भी संपर्क जारी रहा।महिला का आरोप है कि जब डांगी सरगुजा रेंज के आईजी बने, तो उन्होंने मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोपों के मुताबिक, बिलासपुर आईजी बनने के बाद यह उत्पीड़न और बढ़ गया।
“पत्नी की गैरमौजूदगी में बंगले पर बुलाते थे”
पीड़िता का आरोप है कि रतनलाल डांगी अपनी पत्नी की अनुपस्थिति में उसे सरकारी बंगले पर बुलाते थे। शिकायत में कहा गया है कि डांगी ने चंदखुरी स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में पदस्थ होने के बाद भी वीडियो कॉल्स के ज़रिए संपर्क बनाए रखा और लगातार परेशान किया।महिला ने बताया कि डांगी सुबह पांच बजे से लेकर रात दस बजे तक वीडियो कॉल पर बातचीत के लिए दबाव डालते थे। इन घटनाओं से परेशान होकर उसने पुलिस मुख्यालय और उच्चाधिकारियों को विस्तृत शिकायत भेजी।
आईपीएस डांगी ने डीजीपी को दी अपनी सफाई
दूसरी ओर, आईपीएस रतनलाल डांगी ने आरोपों को लेकर पहले ही डीजीपी को शिकायत की थी। उन्होंने डीजीपी अरुण देव गौतम को एक 14 बिंदुओं वाली विस्तृत चिट्ठी लिखकर ब्लैकमेलिंग की शिकायत की थी। इस पत्र में डांगी ने शिकायतकर्ता महिला और उसके सहयोगियों पर ब्लैकमेलिंग, मानसिक प्रताड़ना और आपराधिक धमकी जैसे आरोप लगाए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में पूर्वाग्रह रहित जांच की जा रही है। जांच टीम को सभी डिजिटल साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि यदि आरोप सत्यापित होते हैं, तो यह छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा में अब तक के सबसे गंभीर मामलों में से एक माना जाएगा।

