हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही बस में लगी भीषण आग, हादसे में 18 से अधिक लोग जिंदा जले

कर्नूल। आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बस में आग लग गई। हादसे में 18 से अधिक लोग जिंदा जल गये। जानकारी के मुताबिक बस हैदराबाद से बेंगलुरू जा रही थी। आज शुक्रवार की तड़के 3ः30 बजे कुरनूल ज़िले के कल्लूर मंडल में चिन्नाटेकुर के पास बस एक दोपहिया वाहन से टकरा गई। इस एक्सीडेंट के बाद एकाएक बस में भीषण आग लग गयी। और हादसे में अब तक 18 से अधिक लोगों की जिंदा जलकर मौत की जानकारी सामने आ रही है। इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दुःख जताया है।

हादसे में कई यात्री झुलस गए। अब तक 18 लोगों की मौत और इतने ही लोगों के बुरी तरह से झुलसने की जानकारी मिली है। बस एक प्राइवेट ट्रैवल कंपनी कावेरी ट्रैवल्स की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद कई यात्री इमरजेंसी दरवाजे से बाहर निकल गए और अपनी जान बचाने में सफल रहे। वहीं कुछ लोग आग की चपेट में आ गए। घायलों को कर्नूल सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में लगभग 40 यात्री सवार थे।

शुरुआती जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले बस के अगले हिस्से में लगी और फिर तेजी से पूरे वाहन में फैल गई। दुर्घटना के समय इलाके में भारी बारिश भी हो रही थी। घटनास्थल से बस की जो तस्वीरें सामने आई हैं। उसमें बस पूरी तरह से जली हुई नजर आ रही है। उसके सभी हिस्से आग से नष्ट हो गए हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयावह रहा होगा। हादसे के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया।

आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्यकुमार यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया….मृतकों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल्स इकट्ठा किए जा रहे हैं। शव अभी भी बस के अंदर हैं। हम परिस्थितियों के आधार पर घटनास्थल पर ही पोस्टमॉर्टम करने के लिए तैयार हैं। फोरेंसिक डॉक्टरों को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। एंबुलेंस को भी शवों को ले जाने के लिए तैयार रखा गया है। 12 लोगों को मामूली चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से छह को शुरुआती इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख

हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। वहीं घायलों को भी 50,000 रुपये की मदद देने की बात कही है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा….आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई एक दुर्घटना में लोगों की मौत से अत्यंत दुःखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हर मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कर्नूल ज़िले के चिन्नाटेकुर गांव के पास हुई भीषण बस आग दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा सदमा पहुंचा है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। सरकारी अधिकारी घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *