चेक पोस्ट पर तीन ट्रकों से 765 क्विंटल धान जब्त, सीमावर्ती इलाकों में अवैध परिवहन पर रखी जा रही कड़ी निगरानी

बीजापुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देश पर जिले के सभी सीमावर्ती चेकपोस्टों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी निगरानी अभियान के तहत तारलागुड़ा चेक पोस्ट में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 765 क्विंटल धान से भरे तीन ट्रकों को जब्त किया गया।

जब्त ट्रकों के वाहन क्रमांक और धान की मात्रा इस प्रकार है- TS05UA2034 से 220 क्विंटल, TG12T4464 से 295 क्विंटल और AP07TB6888 से 250 क्विंटल धान लदा हुआ पाया गया।

वाहन चालकों ने पूछताछ में बताया कि धान तेलंगाना के मुलगु जिला से पेन सीड्स के माध्यम से रायपुर-दुर्ग भेजा जा रहा था, परंतु मौके पर डिलीवरी ऑर्डर अथवा अन्य परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दस्तावेज़ों के अभाव में कार्रवाई करते हुए तहसीलदार लक्ष्मण राठिया और मंडी उपनिरीक्षक देवराज ठाकुर ने तीनों ट्रकों को जब्त कर थाना प्रभारी तारलागुड़ा हुबलाल चंद्राकर के सुपुर्द किया।

पुलिस ने संबंधित प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी रखने के लिए धान के अवैध परिवहन व भंडारण पर इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *