अन्य राज्यों से आने वाले अवैध धान पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई, 17 दिनों में 470 क्विंटल धान जब्त

गरियाबंद। पुलिस ने अवैध धान परिवहन और बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते 17 दिनों में कुल 470 क्विंटल धान जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 14 लाख 57 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने यह कार्रवाई दीगर राज्यों से आने वाले अवैध धान को रोकने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान की है।

गरियाबंद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने दीगर राज्यों से धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए बार्डर चेक पोस्ट पर तैनात बल को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए थे। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान खरीदी की जा रही है। इसी व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए चेक पोस्ट पर पुलिस टीम लगातार अवैध गतिविधियों पर निगरानी बनाए हुए है। इसी कड़ी में आज (26 नवंबर) को थाना देवभोग को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से अवैध धान बिक्री के लिए परिवहन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर थाना स्टाफ चेक पोस्ट में तैनात होकर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहा था। जांच के दौरान 164 कट्टा (65.6 क्विंटल), कीमत 2 लाख 33 हजार रुपये का अवैध धान परिवहन करते तीन बोलेरो पिकअप OD 08 AA 5325, CG 23 5741. CG 23 J 0489 को जब्त किया गया।

इसी प्रकार पिछले 17 दिनों में विशेष अभियान के दौरान थाना देवभोग और थाना अमलीपदर की टीमों ने धान के अवैध परिवहन और बिक्री से जुड़े कुल 21 प्रकरणों में 1175 कट्टा धान पकड़ा। जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर धान को नियम अनुसार कार्रवाई कर संबंधित विभाग को सुपुर्द किया गया।

अब तक जब्त की गई धान

पिछले 17 दिनों में कुल 19 चारपहिया वाहनों से 1175 कट्टा, लगभग 470 क्विंटल, कीमत 14 लाख 57 हजार रुपये का अवैध धान जब्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *