चरित्र शंका में अधेड़ की निर्मम हत्या, लाठी-डंडे से पीटकर तालाब में फेंका शव

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र संदेह के चलते एक अधेड़ ग्रामीण की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और शव को तालाब में फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चोटीगुड़ा के सराईजोखा बस्ती की है।

जानकारी के अनुसार, सराईजोखा बस्ती में रहने वाले 55 वर्षीय राजाराम राठिया की बीती रात अज्ञात व्यक्ति ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। मृतक के सिर और प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिसके आधार पर ग्रामीणों ने चरित्र संदेह को हत्या की संभावित वजह बताया है।

ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह जब वे तालाब की ओर गए तो वहां उन्होंने शव देखा जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लाश मिलने की जानकारी मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस एक संदेही दिल कुमार राठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *