गिनती में गलती करते ही आग-बबूला हुआ शिक्षक, दूसरी कक्षा के मासूम की बेरहमी से पिटाई… आंख में उतरा खून, पूरा चेहरा सूज गया

बलरामपुर। रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पलगी स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में दूसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक द्वारा की गई मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक की पिटाई से बच्चे की आंख में खून उतर आया और उसका चेहरा बुरी तरह सूज गया।

सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को भोजन अवकाश के बाद शिक्षक उदय यादव कक्षा में पहुंचे और छात्र भागीरथी यादव को गिनती सुनाने के लिए कहा। गिनती में गलती होते ही शिक्षक ने गुस्से में बच्चे के चेहरे पर लगातार थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। बच्चा रोता रहा, सिर झुकाता रहा, लेकिन शिक्षक की मारपीट जारी रही।

पीड़ित बच्चे के पिता धनंजय यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं और घटना के समय भी वह नशे में थे। घर पहुंचकर बच्चे ने रोते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार त्रिकुंडा थाना पहुंचा और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

घटना की जानकारी मिलने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय कुशवाहा ने तत्काल जांच के निर्देश जारी किए हैं। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शिक्षक के प्रति भारी नाराज़गी है। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक की बर्खास्तगी की मांग करते हुए कहा कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त निगरानी जरूरी है। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *