बिग ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की कायराना करतुत: यूपी के ठेकेदार की गला रेतकर की हत्या, मुंशी के अपहरण के बाद घटना को दिया अंजाम

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े एक ठेकेदार की बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने पहले सड़क निर्माण में लगी जेसीबी के मुंशी को अगवा किया था। मुंशी को छुड़ाने पहुंचे ठेकेदार इम्तियाज अली को पकड़कर नक्सलियों ने रास्ते में ही गला रेतकर मार डाला। मामला पामेड़ थाना क्षेत्र का है।

मृतक ठेकेदार की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी इम्तियाज अली के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई इलाके में काम कर रहा था। नक्सलियों ने हत्या के बाद शव को जंगल में फेंक दिया। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि की है।

कैसे हुई पूरी वारदात?

नक्सलियों ने सबसे पहले जेसीबी मशीन के मुंशी का अपहरण किया। अपहरण की जानकारी मिलते ही ठेकेदार इम्तियाज अली उसे बचाने मौके पर पहुंचा। इसी दौरान नक्सलियों ने ठेकेदार को किडनैप कर लिया और उसकी हत्या कर दी। बाद में उन्होंने मुंशी को छोड़ दिया। रिहा हुए मुंशी ने परिजनों और पुलिस को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पामेड़ पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।

इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

एसपी यादव के मुताबिक, मुंशी के बयान के आधार पर घटनास्थल की संभावित जगह चिह्नित कर ली गई है और सुरक्षा बल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहा है। अभी ठेकेदार का शव बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि नक्सली लंबे समय से सड़क निर्माण का विरोध कर धमकी भरे पोस्टर लगा रहे थे और पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *