जांजगीर चांपा। कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने बीजेपी सरकार पर जांजगीर चाम्पा जिले की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, जिले में राज्य सरकार के 2 साल पूरा होने पर जनादेश परब का आयोजन कर करोड़ों रुपए खर्च किए गए और केंद्रीय मंत्री के सामने वाहवाही लूटी गई, लेकिन जांजगीर चाम्पा जिला के लोगों को सरकार से एक पैसे की सौगात नहीं मिली। झीरम घाटी मामले में जेपी नड्डा के बयान पर ब्यास कश्यप ने भाजपा से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और अगर दोषियों को नहीं पकड़ सकते तो झीरम घाटी में शहीद हुए जनप्रतिनिधियों और प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
जांजगीर चांपा जिले से भेदभाव क्यों : ब्यास कश्यप
वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने राज्य सरकार के 2 साल पूरा होने पर आयोजित जनादेश परब पर सवाल उठाया है।उन्होंने कहा कि जांजगीर चाम्पा जिले की जनता ने बीजेपी को जनादेश नहीं दिया, फिर भी जांजगीर चाम्पा जिले में जनादेश परब आयोजित कर करोड़ों खर्च क्यों किया गया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्री मंडल उपस्थित होने के बावजूद जांजगीर चाम्पा जिले में फूटी कौड़ी की सौगात नहीं दी गई। आखिर जांजगीर चांपा जिले से भेदभाव क्यों किया जा रहा है।

