रायगढ़। कोड़ातराई रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो वाहन की खड़े ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गांव निवासी कौशल मालाकार (42), मनोहर नंदा (55), उजेता डोंगरे (26), राज एक्का (13), देव अगरिया (13) और अभय सारथी (17) किसी कार्य से बोलेरो वाहन में सवार होकर रायपुर गए थे। लौटते समय रात करीब साढ़े 9 बजे जब वाहन कोड़ातराई चौक के पास पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से तेज टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कौशल मालाकार और मनोहर नंदा के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उजेता डोंगरे, राज एक्का, देव अगरिया और अभय सारथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और जूटमिल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

