धर्मांतरण पर सीएम साय का बयान: बहला फुसला कर धर्मांतरण गलत

रायपुर। धर्मांतरण को लेकर छत्तीसगढ़ बंद और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण होना ठीक नहीं है। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है, लेकिन जबरदस्ती या बहला-फुसलाकर किया गया धर्मांतरण किसी भी रूप में उचित नहीं है।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में 115 अटल परिसरों के लोकार्पण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती है। उनके योगदान को याद करते हुए छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों में 115 स्थानों पर उनकी प्रतिमाओं का अनावरण किया गया है। अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया और उनकी जयंती को प्रदेश में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में जल्द बनेगा धर्मांतरण कानून : पुरंदर मिश्रा

विधायक पुरंदर मिश्रा ने धर्मांतरण पर पं. धीरेंद्र शास्त्री के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि कैंसर का इलाज संभव है, लेकिन धर्मांतरण का नहीं। इसके लिए समाज को लोभ-लालच से दूर रहना होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही धर्मांतरण को लेकर कानून बनाया जाएगा।

मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ की घटना पर उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेना ठीक नहीं है। कुछ लोग अति उत्साह में ऐसे कदम उठा लेते हैं, जो कानून की समझ नहीं रखते।

‘कांग्रेस के दोहरे चरित्र से कटे लोगों के नाम’

एसआईआर को लेकर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के दोहरे चरित्र के कारण लोगों के नाम कटे हैं। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस की सरकार रही और उस दौरान आयोग से कहा गया था कि किसी का वोट न काटा जाए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि पहले वे यह बताएं कि कितने बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं को यहां लाकर बसाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *