रायपुर। हिन्दू कथा वाचकों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयानों पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को कब से हिंदुओं की चिंता होने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में मुगलों की साझेदार रही है और मुगलों की तरह ही छत्तीसगढ़ को लूटा है। इसी वजह से कांग्रेस के नेता और अधिकारी आज जेल में हैं।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पंचायतों में आयोजित होने वाली ग्रामसभाओं में “जी राम जी” के प्रयोग को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने अंतिम समय में “हे राम” कहा था, लेकिन आज कांग्रेस गांधी विरोधी बन चुकी है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि जो लोग राम के नहीं हो सकते, वे गांधी के कैसे हो सकते हैं।
दरअसल, एक दिन पहले दुर्ग पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कथावाचकों पंडित प्रदीप मिश्रा और धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि वे कथा के नाम पर टोटके बताकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा ने “हिन्दू खतरे में हैं” का नारा देकर तीन चुनाव जीते हैं।
भूपेश बघेल के बयान का समर्थन करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा था कि कुछ धर्म गुरु लोगों की भावनाओं को भड़काकर उन्हें गुमराह कर रहे हैं और इसका सीधा लाभ भाजपा को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि इस तरह की बातों से वोट साधने की कोशिश की जा रही है।
इसके साथ ही टीएस सिंहदेव ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि मुगलों द्वारा हिंदुओं पर अत्याचार किए जाने का कोई ठोस उल्लेख उन्हें इतिहास में नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इतिहास पढ़ते हैं और उनका परिवार भी एक राज परिवार रहा है। मुसलमान शासकों के दौर में भी सरगुजा रियासत अस्तित्व में थी और उस समय हिंदू सुरक्षित थे।

