सरगुजा। केबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और स्थानीय विधायकों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो के विरुद्ध कार्रवाई की है। सीतापुर थाना पुलिस ने इस मामले में धारा 353 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आकांक्षा टोप्पो ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ अभद्र, अशोभनीय और मर्यादाहीन शब्दों का इस्तेमाल करते हुए टिप्पणियां की थीं। उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
सीतापुर थाना पुलिस ने बताया कि आकांक्षा टोप्पो पत्रकार नहीं होने के बावजूद स्वयं को पत्रकार के रूप में प्रस्तुत कर रही थीं और सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से झूठी व भ्रामक जानकारियां प्रसारित कर रही थीं। इससे सोशल मीडिया का दुरुपयोग हो रहा था और आम जनता के बीच गलत संदेश जा रहा था।
पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ पहले भी इसी तरह के मामलों में विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। वर्तमान प्रकरण में आरोप है कि उन्होंने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए शासकीय भूमि से जुड़े विषय पर कथित तौर पर गलत आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट प्रसारित की थी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम विवेचना शुरू कर दी है और आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

