बीजापुर में सरेंडर नक्सली की घर में घुसकर हत्या….मचा हड़कंप

बीजापुर। बीजापुर जिले के एर्रापल्ली में एक सरेंडर नक्सली की हत्या से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। बताया जा रहा है कि नकाबपोश दो शख्स रात के वक्त आत्मसमर्पित माओवादी के घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतारकर फरार हो गये। घटना की जानकारी के बाद से गांव में दहशत व्याप्त है। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात पामेड़ थाना क्षेत्र का है। सूत्रों के मुताबिक पूनेम बुधरा पूर्व में माओवादी रहा है। जिसने वर्ष 2022 में समाज की मुख्यधारा में आने के लिए सुकमा जिले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। आत्मसमर्पण के बाद वह अपने गांव एर्रापल्ली में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि 26 दिसंबर की देर रात दो नकाबपोश शख्स पूनेम बुधरा के घर पर पहुंचे थे। जिन्होने घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या करने के बाद फरार हो गये। हत्या की इस वारदात के बाद एक बार फिर क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिये जाने का खौफ व्याप्त है।

मृतक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया था, जिसके चलते माओवादियों द्वारा इस हत्या को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से माओवादी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर हत्या की जांच में जुट गयी है। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्चिंग भी तेज कर दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *