रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में नए साल की शुरुआत के साथ ही ठंड से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि दिसंबर के अंत तक तापमान में किसी खास बदलाव के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, प्रदेश के कुछ चुनिंदा इलाकों में ठंड का असर अधिक रहने और शीतलहर की स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है।
राजधानी रायपुर में देर शाम से लेकर सुबह तक बिना गर्म कपड़ों के रहना कठिन हो गया है, जबकि बाहरी इलाकों में ठंड ज्यादा होने के कारण दिन के समय भी लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

