छुट्टी पर आए सेना के जवान की हादसे में मौत, पखांजूर में शोक की लहर

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। भारतीय सेना में तैनात जवान तुलसी राम सहारे की एक दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब जवान छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे और गांव के समीप नदी से रेती निकासी का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक पलट गया और जवान उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह घटना कोड़ेकुर्सी थाना क्षेत्र के ओटेकसा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तुलसी राम सहारे हाल ही में अवकाश पर अपने पैतृक गांव पहुंचे थे और परिजनों व ग्रामीणों के साथ समय बिता रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। इस घटना ने पूरे गांव और आसपास के इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नदी से रेती निकालते समय ट्रैक्टर का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि आसपास मौजूद लोग कुछ कर पाते, उससे पहले ही जवान की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलने पर कोड़ेकुर्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे को दुर्घटनावश बताया जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

जैसे ही जवान की मौत की खबर फैली, पखांजूर क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। एक होनहार सैनिक की असमय मौत से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा क्षेत्र गमगीन है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।
इस दुखद अवसर पर सैनिक कल्याण बोर्ड कांकेर के जवानों द्वारा तुलसी राम सहारे को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। सैन्य परंपराओं के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *