बिलासपुर। ‘प्रहार अभियान’ के तहत बिलासपुर पुलिस ने बेलगहना जंगल में संचालित जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी अनवर उर्फ टीपू खान और प्रकाश केवट फरार हो गए। दोनों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख 18 हजार से अधिक नकद, 7 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग ₹2.78 लाख आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 (संगठित अपराध) के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

घने जंगल में लंबे समय से चल रहा था जुआ
जानकारी के अनुसार बेलगहना के घने जंगल में लंबे समय से ताश के जरिए संगठित जुआ संचालित किया जा रहा था। यह नेटवर्क गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और जुआ खेलते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘प्रहार अभियान’ के तहत की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जिले में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

