रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में नए साल 2026 के पहले दिन मंदिरों में आस्था और उल्लास का विशेष दृश्य देखने को मिला। नववर्ष की मंगलकामना के साथ श्रद्धालु सुबह से ही प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचने लगे। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें नजर आईं, वहीं रायपुर के काली माता मंदिर, मां महामाया, मां बंजारी, राम मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बस्तर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में तड़के करीब पांच बजे से ही भक्तों की कतारें लगना शुरू हो गईं। श्रद्धालु नए साल में सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

