रायपुर। नववर्ष की शुरुआत के साथ भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई समय-सारणी लागू कर दी है। 1 जनवरी 2026 से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन समय में आंशिक बदलाव किया गया है। नई समय-सारणी के तहत 63 ट्रेनों के समय में 5 मिनट से 25 मिनट तक का संशोधन किया गया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इससे ट्रेनों की औसत गति बढ़ेगी और यात्रियों का समय बचेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, संशोधित समय-सारणी में अप और डाउन दिशा की कुल 55 एक्सप्रेस और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। यह बदलाव सभी स्टेशनों पर लागू नहीं होगा, बल्कि चुनिंदा स्टेशनों पर ही ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है। शेष स्टेशनों पर ट्रेनों की समय-सारणी पूर्ववत रहेगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के चलते होता है समय-सारणी में संशोधन
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने बताया कि हर वर्ष रेलखंडों और स्टेशनों पर विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्य किए जाते हैं। इनमें नई रेल लाइन बिछाना, ट्रैक का दोहरीकरण, सिग्नल सिस्टम का आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म विस्तार और यार्ड रिमॉडलिंग जैसे कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से ट्रेनों की परिचालन क्षमता और गति में सुधार होता है, जिसके अनुसार समय-सारणी में बदलाव जरूरी हो जाता है।
रेलवे के अनुसार, 2026 की नई समय-सारणी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। इसके चलते कई सेक्शनों में मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के कुल यात्रा समय में 10 से 25 मिनट तक की कमी आएगी, जबकि पैसेंजर ट्रेनों के समय में 5 से 20 मिनट तक की बचत होने की संभावना है।
यात्रियों से समय-सारणी जांचने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा से पहले 1 जनवरी 2026 से लागू नई समय-सारणी की जानकारी जरूर प्राप्त करें। अद्यतन समय की जानकारी न होने पर यात्रियों को असुविधा हो सकती है। यात्री अपने नजदीकी स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र, या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेनों के बदले हुए समय की जानकारी ले सकते हैं।






