रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) की वर्ष 2018 की भर्ती प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं होने से प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। वर्षों से नियुक्ति की मांग कर रहे अभ्यर्थी राजधानी रायपुर के तूता क्षेत्र में लगातार आंदोलन कर रहे हैं। शनिवार को लोकपर्व छेरछेरा के मौके पर अभ्यर्थी गृहमंत्री विजय शर्मा से मिलने उनके बंगले पहुंचे और अपनी मांगों से अवगत कराया।
अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि उनकी समस्या का कोई ठोस समाधान निकलेगा, लेकिन गृहमंत्री की ओर से उन्हें फिलहाल केवल आश्वासन ही मिला। विजय शर्मा ने कहा कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान का प्रयास करेंगे। इसके बाद अभ्यर्थी लौट गए।
वर्षों से अधर में भर्ती प्रक्रिया
प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थी जितेंद्र दास ने बताया कि 2018 में निकली भर्ती का अब तक अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। इस दौरान राज्य में तीन सरकारें बदल गईं—रमन सरकार, भूपेश सरकार और वर्तमान साय सरकार—लेकिन वेटिंग लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों का इंतजार अब तक खत्म नहीं हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान गृहमंत्री इस लंबे इंतजार को समाप्त करेंगे।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 में CAF भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कर दी गई, जबकि वेटिंग लिस्ट में शामिल 417 उम्मीदवारों की भर्ती उस समय पद रिक्त न होने का हवाला देकर रोक दी गई। बाद में मेरिट सूची के कई अभ्यर्थी मेडिकल जांच में अनफिट पाए गए या उन्होंने नौकरी छोड़ दी, जिससे पद रिक्त हुए। हालांकि, सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों की भर्ती आगे नहीं बढ़ सकी।
समय बीतने के साथ स्थिति और गंभीर हो गई। 417 वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थियों में से अब 250 से अधिक उम्मीदवार ओवरएज हो चुके हैं, यानी आधे से ज्यादा अभ्यर्थी उम्र सीमा पार कर गए हैं। इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका है।

