रायपुर में निगम का बुलडोजर एक्शन: टाटीबंध और सोनडोंगरी में अवैध कब्जों पर कार्रवाई, 18 दुकानें व 15 निर्माणाधीन मकान ध्वस्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध कब्जों और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ नगर पालिक निगम ने सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को जोन क्रमांक 8 की टीम ने टाटीबंध और सोनडोंगरी क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। अभियान के दौरान अवैध रूप से निर्मित 18 दुकानों और 15 निर्माणाधीन मकानों को ध्वस्त किया गया।

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। वीर सावरकर नगर (वार्ड क्रमांक 1) के अंतर्गत अटारी जाने वाले मार्ग और ट्रांसपोर्ट नगर टाटीबंध के पास करीब 20 हजार वर्गफीट क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से बनाई गई 18 दुकानों को जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह गिरा दिया गया।

इसके अलावा पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड (वार्ड क्रमांक 2) के अवधपारा, सोनडोंगरी इलाके में की गई अवैध प्लॉटिंग पर भी बुलडोजर चला। यहां बिना किसी अनुमति के लगभग 15 मकानों का निर्माण किया जा रहा था, जिन्हें निगम की टीम ने तोड़ दिया। साथ ही अवैध कॉलोनी में काटी गई सड़कों को भी नष्ट किया गया।

जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने और अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान सहित नगर निवेश विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

देखें फोटो और वीडियो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *