शाकम्भरी जयंती पर नगर घड़ी चौक में सब्जी दान, गृहमंत्री विजय शर्मा व सांसद बृजमोहन अग्रवाल हुए शामिल

रायपुर। नगर घड़ी चौक, रायपुर में सोमवार को शाकम्भरी जयंती के अवसर पर सब्जी दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सब्जियों का वितरण कर समाज में शाकाहार को अपनाने का संदेश दिया गया।

छत्तीसगढ़ मरार पटेल समाज के तत्वावधान में माता शाकम्भरी के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में गृहमंत्री विजय शर्मा, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी शामिल हुए और स्वयं सब्जी वितरण किया।
पटेल समाज द्वारा पिछले छह वर्षों से शाकम्भरी जयंती के अवसर पर नगर घड़ी चौक में प्रसाद स्वरूप फल और सब्जियों का वितरण किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन पटेल समाज के रायपुर जिलाध्यक्ष एवं अभनपुर राज अध्यक्ष ईश्वर पटेल के संयोजन में किया गया।

इस अवसर पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने शाकाहार को बढ़ावा देने में समाज की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि परंपरागत सब्जी-भाजी की खेती के साथ सहकारिता के माध्यम से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने सब्जियों के संरक्षण के लिए कोल्ड स्टोरेज निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। समाज की मांग पर उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले के समाज के प्रति अनुकरणीय योगदान को याद करते हुए राजधानी में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापना के लिए सहमति प्रदान की।

वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पटेल समाज हर वर्ष सब्जी वितरण के माध्यम से शाकाहार को प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने रसायन मुक्त सब्जी उत्पादन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज संगठनात्मक दृष्टिकोण से लगातार आगे बढ़ रहा है। समाज की मांग पर उन्होंने डूमरतराई सब्जी मार्केट का नामकरण ‘शाकम्भरी सब्जी बाजार’ करने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभाशाली लोगों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *