रायगढ़ में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल; मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम

रायगढ़। जिले में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पूर्व विधायक के साथ मौके पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

यह सड़क हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार ग्राम लोईंग निवासी केशव मेहर अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से इंदिरा नगर से सर्किट हाउस रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान नगर सेना कार्यालय के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में केशव मेहर को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। हादसे से आक्रोशित स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर ब्रेकर निर्माण और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर चक्काजाम किया। पुलिस द्वारा समझाइश के बाद कुछ समय में चक्काजाम समाप्त कराया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *