गंदगी फैलाने पर डेयरी संचालक के खिलाफ एक्शन, 5 हजार रुपए जुर्माना

रायपुर। नगर निगम जोन-2 कमिश्नरी ने रमनमंदिर वार्ड अंतर्गत फाफाडीह एरिया में चल रही महामाया डेयरी पर गंदगी फैलाने के कारण 5 हजार जुर्माना लगा दिया. जोन कमिश्नर आरके डोंगरे ने बताया कि यह डेयरी बस्ती क्षेत्र में है. डेयरी से निकले मवेशियों के गोबर व गंदे पानी के कारण लगातार बदबू फैल रही थी. नागरिक डेयरी संचालक धर्मराज साहू को गंदगी हटाने और रोजाना सफाई करने लगातार बोलते रहे, उनकी बातों को अनसुना किया गया.

तदुपरांत निगम में शिकायत के बाद जोन के सफाई अधिकारी रवि लावनिया और उनकी टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण करने के बाद गंदगी फैलाने की पुष्टि कर दी. तदुपरांत निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर डेयरी संचालक श्री साहू पर 5 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया.

बताया गया कि डेयरी के मवेशियों के आये दिन सड़कों पर निकलने से दुर्घटना की संभावना लगातार बढ़ती जा रही है. इसके लिए जोन की ओर से डेयरी संचालक को निगम सीमा क्षेत्र के बाहर डेयरी शिफ्ट करने चेतावनी दी गई है. श्री डोंगरे ने डेयरी को शहर से बाहर शिफ्ट करने धर्मराज साहू को एक महीने का अल्टीमेटम दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *