माचकोट में वन भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश, 10 अतिक्रमणकारी गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर जिले के माचकोट क्षेत्र में वन भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। माचकोट रेंज के कक्ष क्रमांक आरएफ–1252 में अतिक्रमणकारियों द्वारा जंगल को नुकसान पहुंचाकर वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पेड़ों की कटाई में संलिप्त 10 अतिक्रमणकारियों को रंगे हाथों पकड़ा।

बताया गया कि सभी आरोपी सुकमा जिले के छिंदगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं और सामूहिक रूप से माचकोट इलाके की वन भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।

वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 तथा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 1984 की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। मामले में 8 आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला बस्तर के समक्ष पेश किया गया, जबकि दो नाबालिगों को प्रधान न्यायिक मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड, जगदलपुर में प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल जगदलपुर तथा नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह जगदलपुर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *