भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल जेल से रिहा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंधों पर उठाकर किया जोरदार स्वागत, गूंजे नारे

रायपुर। शराब घोटाले से जुड़े मामले में करीब 168 दिनों तक जेल में रहने के बाद चैतन्य बघेल को जमानत मिलने पर आज रिहा कर दिया गया। उनकी रिहाई की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। जेल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी जेल परिसर में उपस्थित रहे।
बेटे के जन्मदिन पर मिली रिहाई

उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को 18 जुलाई को उनके जन्मदिन के दिन भिलाई स्थित निवास से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत गिरफ्तार किया था। संयोगवश आज उनके बेटे विवांश का जन्मदिन है और इसी दिन हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई हुई।

रिहाई से पहले ही रायपुर स्थित भूपेश बघेल के निवास पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जुटने लगे थे। जैसे ही चैतन्य बघेल के जेल से बाहर आने की पुष्टि हुई, समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह दिन न्याय और सच्चाई की जीत का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *