अंबिकापुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह राजनांदगांव, अंबिकापुर और जगदलपुर जिला न्यायालयों के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
राजनांदगांव जिला न्यायालय को दूसरी बार मिली धमकी
राजनांदगांव जिला न्यायालय को यह दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ई-मेल मिलने के बाद डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोजल स्क्वायड (BDS) की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया। कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की गई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे एक और धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया।
गौरतलब है कि करीब एक माह पहले भी राजनांदगांव जिला न्यायालय को इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था। इससे पहले बिलासपुर जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है।
इस संबंध में एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के जरिए जिला न्यायालय राजनांदगांव में बम लगाए जाने की सूचना दी गई थी। एहतियातन बीडीएस टीम को तत्काल जांच के लिए भेजा गया, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

