सावधान : बोधघाट में साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल पर ऐप इंस्टॉल कराया और उड़ गए 97 हजार रुपये

जगदलपुर। बोधघाट थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज साइबर ठगी का मामला सामने आया है। नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत एक टेक्नीशियन को फर्जी कॉल और संदिग्ध APK फाइल के जरिए करीब ₹97,774 की चपत लगा दी गई। यह वारदात 23 सितंबर 2025 को हुई।

फर्जी ‘RBL डिपार्टमेंट’ का कॉल और निजी जानकारी का दुरुपयोग

पीड़ित को दो अनजान नंबरों से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को RBL क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताया। हैरानी की बात यह थी कि जालसाज को पीड़ित के RBL और HDFC कार्ड के अंतिम चार अंक और पैन कार्ड का पूरा नंबर तक मालूम था।

कॉलर ने धमकाते हुए कहा कि कार्ड का उपयोग न करने पर प्रतिदिन ₹1100 जुर्माना लगेगा। कार्ड बंद कराने की मांग पर जालसाज ने ठगी का जाल बिछाना शुरू कर दिया।

‘RBLCARD.APK’ डाउनलोड करवाकर खाते से रकम उड़ाई

ठग ने पीड़ित के मोबाइल पर ‘RBLCARD.APK’ नाम की फाइल भेजी और उसे कार्ड बंद करने की प्रक्रिया बताकर इंस्टॉल करवाया। ऐप में विवरण भरते ही मोबाइल हैंग होने लगा और लगातार OTP आने लगे। इसी दौरान जालसाजों ने दोनों क्रेडिट कार्ड से चार बड़े ट्रांजैक्शन कर दिए।

लेनदेन इस प्रकार हुए—

  • RBL कार्ड: ₹25,692 और ₹17,664
  • HDFC कार्ड: ₹49,368 और ₹5,050
    कुल नुकसान: ₹97,774

एफआईआर के लिए आवेदन, जांच जारी

ठगी का शिकार व्यक्ति ने बोधघाट थाने में एफआईआर दर्ज कराने आवेदन दिया है। पीड़ित ने दोनों मोबाइल नंबर धारकों पर कड़ी कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

साइबर सावधानी आवश्यक

यह मामला दर्शाता है कि साइबर ठग अब संदिग्ध APK फाइलों के जरिए मोबाइल हैक करके बड़ी ठगी को अंजाम दे रहे हैं।
बस्तर फाइल्स वेब पोर्टल पाठकों से अपील करता है कि—

  • किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें,
  • अनजान नंबरों को कोई निजी या बैंकिंग जानकारी न दें,
  • क्रेडिट/डेबिट कार्ड संबंधी कार्य केवल आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर के माध्यम से ही करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *