रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचा। कांग्रेस नेताओं ने राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात कर SIR की समयसीमा को तीन महीने बढ़ाने और BLO को राहत देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने पूरे अभियान में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए।
रायपुर लोकसभा SIR प्रभारी शैलेश नितिन त्रिवेदी ने मुलाकात के बाद बताया कि अभियान में कई गंभीर समस्याएँ सामने आ रही हैं। उनके अनुसार, दूसरे राज्यों से आई बहुओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा BLO पर दबाव बना रही है, जिससे प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस ने SIR की अवधि केवल एक सप्ताह बढ़ाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में न अभी विधानसभा चुनाव हैं और न लोकसभा चुनाव, ऐसे में समयसीमा तीन महीने बढ़ाना उचित है।
प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से अनुरोध किया है कि उनकी मांगें केंद्रीय निर्वाचन आयोग तक पहुंचाई जाएँ। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने उनकी सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना है।

