रायपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा ईडी की एफआईआर पर सुनवाई से इनकार किए जाने के बाद कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। पार्टी ने इस मुद्दे पर सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करने का ऐलान करते हुए देशभर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी भाजपा कार्यालयों का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदेशव्यापी विरोध-प्रदर्शन के तहत राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ बड़ा हल्ला बोल प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर कूच करने लगे, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
दुर्ग जिले में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। यहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व विधायक अरुण वोरा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांकेर में भाजपा कार्यालय घेरने निकले कांग्रेसियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जहां पुलिस ने डबल लेयर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका।
मनेन्द्रगढ़ में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी हुई। गरियाबंद में जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान भिलाई मोड़ पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बनी।
कवर्धा में भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाजपा कार्यालय घेरने पहुंचे। यहां पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “सत्यमेव जयते”, “लोकतंत्र बचाओ”, “ईडी का दुरुपयोग बंद करो” और “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को दबाने के लिए कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।
जांजगीर-चांपा में जिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस ने संयुक्त रूप से भाजपा कार्यालय का घेराव किया। विधायक ब्यास कश्यप, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला के नेतृत्व में रैली निकाली गई। वहीं कांकेर में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के सामने धरने पर बैठे। सुकमा में भी जिला कांग्रेस अध्यक्ष कवासी हरीश के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया गया।

