अरुण साव पर भूपेश बघेल के बयान पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का हमला, बोले— बड़े नेता हैं, ऐसी भाषा शोभा नहीं देती

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा उप मुख्यमंत्री अरुण साव की तुलना बंदर से किए जाने को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। मंत्री टंकराम वर्मा के बाद अब उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी पूर्व मुख्यमंत्री पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल वरिष्ठ नेता हैं, उन्हें ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। शब्दों की एक मर्यादा होती है, जिसे समझना जरूरी है।

मीडिया से चर्चा में विजय शर्मा ने कहा कि जिस तरह भूपेश बघेल ने भाषा की सीमा नहीं समझी, उसी तरह उन्होंने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार की भी कोई सीमा नहीं समझी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा भ्रष्टाचार किया गया, जैसा कहीं और देखने को नहीं मिलता, बल्कि उसमें भी नवाचार किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि उनके परिवार के किसी सदस्य पर ऐसी टिप्पणी की जाए, तो उन्हें भी अच्छा नहीं लगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी में गिरे हुए को उठाने का काम किया जाता है, न कि किसी को जानबूझकर गिराने का।

नक्सली बारसे देवा और उसके 16 साथियों के तेलंगाना में आत्मसमर्पण की खबरों पर विजय शर्मा ने कहा कि आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

कांग्रेस कार्यकारिणी के अब तक गठन नहीं होने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपक बैज कांग्रेस के सक्रिय नेता हैं और अच्छा काम कर रहे हैं। यह संगठन का आंतरिक विषय है, लेकिन यह देखना होगा कि उनके साथ कितनी खींचतान की जा रही है।

वहीं पुलिस कमिश्नरी प्रणाली को लेकर विजय शर्मा ने बताया कि यह व्यवस्था जल्द लागू की जाएगी। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और अधोसंरचना का पूर्वावलोकन भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नरी प्रणाली की शुरुआत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *