रायपुर। राजधानी रायपुर की पुलिस ने जुआरियों को पकड़ने के लिए हाईटेक तरीके का इस्तेमाल किया है। पुलिस टीम ने फार्म हाउस में चल रहे जुआ के फड़ पर रेड से पहले ड्रोन उड़ाकर जुआरियों की मौजूदगी को पुख्ता किया गया। इसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर लाखों रूपये के जुए के फड़ का पर्दाफाश कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने खुलासा किया कि रायपुर रेंज आईजी और एसएसपी डाॅ.लाल उमेंद सिंह ने रायपुर के सभी पुलिस अधिकारियों समेत थाना प्रभारियों और एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट को जुआ-सट्टा के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये थे।
इस निर्देश के बाद 28 दिसंबर को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को मुजगहन थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में अवैध गतिविधिया होने के साथ ही जुआ का फड़ चलने की सूचना मिली थी। फार्म आउस पर सीधे रेड करने के बजाये पुलिस की संयुक्त टीम ने पहले ड्रोन के माध्यम से जुआ का फड़ चलने की पुष्टि की गयी।
अंदर का नजारा देखने के बाद पुलिस की टीम ने तुरंत फार्म हाउस में रेड की कार्रवाई कर मौके से 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 2 लाख 12 हजार 600 रूपये नगद, घटना में प्रयुक्त 02 चारपहिया वाहन, 08 दोपहिया वाहन, 17 मोबाईल फोन और ताशपत्ती जब्त किया है। राजधानी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जुआरियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

