बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक युवक और युवती के बीच सरेआम विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया। विवाद के दौरान युवती ने युवक को थप्पड़ मार दिया और फिर कथित तौर पर कार के सामने कूदकर आत्महत्या का नाटक करने लगी। युवक लगातार उसे समझाने और शांत कराने की कोशिश करता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर पहले बहस हुई, जो जल्द ही हाथापाई और सड़क पर हंगामे में तब्दील हो गई। सड़क पर हो रहे इस घटनाक्रम को देखकर राहगीर रुक गए और किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक और युवती तालापारा क्षेत्र के निवासी हैं। विवाद के दौरान दोनों नशे में नजर आए, जिससे हालात और बिगड़ गए। कार के सामने कूदने की कोशिश के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
इस मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। कोनी थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें वायरल वीडियो के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है। शिकायत मिलने या सार्वजनिक शांति भंग होने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

