शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 44 लाख की ठगी करने वाले 2 युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर की रेंज साइबर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और दूसरा छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है। इन आरोपियों के बैंक खातों का जाल इतना बड़ा है कि देश के 18 से अधिक थानों में इनके खिलाफ शिकायतें दर्ज हैं।

शेयर बाजार में मुनाफे का दिया झांसा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी सतीश शर्मा (रायपुर) ने रेंज साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात ठगों ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर 44 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 5/24, धारा 318(4), 111, 3(5) बीएनएस और 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

म्यूल खातों से खुला राज

रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की, तो ‘म्यूल बैंक अकाउंट्स’ (किराए के खाते) का पता चला। जांच में सामने आया कि आरोपी कंवलजीत सिंह विग और उज्जवल जायसवाल अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इन खातों का संचालन कर रहे थे और प्रार्थी की रकम इन्हीं खातों में ट्रांसफर करवाई गई थी।

इन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

1. कंवलजीत सिंह विग (38 वर्ष): निवासी डोंगर परासिया, जिला छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश।

2. उज्जवल जायसवाल (19 वर्ष): निवासी भिलाई, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़।

18 राज्यों की पुलिस को थी तलाश

पुलिस की पूछताछ और साइबर पोर्टल की जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों के 18 से अधिक पुलिस थानों और साइबर सेल में रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *