सरगुजा। सरगुजा में लग्जरी इनोका कार में प्रेस लिखकर शराब तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने दरिमा क्षेत्र में एक लग्जरी कार से लगभग एक लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जो कि मध्यप्रदेश से लाई जा रही थी। आबकारी विभाग ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कार में सवार एक और युवक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक जिला आबकारी उड़नदस्ता टीम को मध्यप्रदेश से अवैध तरीके से शराब की तस्करी की जानकारी मिली थी। इस पुख्ता जानकारी के बाद टीम ने दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम अडची में घेराबंदी कर एक संदिग्ध इनोवा कार कार क्रमांक सीजी 12 डी 6444 की जांच करना चाही। लेकिन लग्जरी इनोवा कार पर प्रेस लिखा हुआ था। जब आबकारी विभाग की टीम ने कार की जांच की, तो पहले कार सवार युवक ने आबकारी की टीम पर दबाव बनाते हुए जांच से इंकार किया गया। इसके बाद भी जब टीम ने कार की जांच की तो उसके अंदर से मध्यप्रदेश की लेबल वाली 15 पेटी अवैध शराब मिला। जांच के दौरान इनोवा में सवार एक युवक मौके से फरार हो गया।
आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब तस्करी के इस मामले में लिप्त रंजीत सिंह उर्फ लड्डू सिंह को गिरफ्तार किया है। आबकारी विभाग की टीम ने खुलासा किया कि आरोपी युवक मध्यप्रदेश से शराब की तस्करी कर मैनपाट लेकर जा रहे थे। जहां शराब को महंगे दामों पर बेचा जाना था। पकड़ा गया आरोपी लड्डू सिंह पहले सरकारी शराब दुकान में काम करता था। लेकिन जब उसे नौकरी से हटा दिया गया, तो उसने शराब तस्करी करना शुरू कर दिया। तस्करी से बचने के लिए आरोपियों ने इनोवा कार पर प्रेस लिखा हुआ थाए ताकि किसी को शक न हो और वे आसानी से शराब तस्करी कर सकें।

