अंबिकापुर शहर सहित पूरे सरगुजा संभाग की सड़कों की हालत इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। आए दिन सड़कों पर दुर्घटनाएं हो रही हैं और वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। बरसात के मौसम की वजह से सड़क निर्माण में देरी हो रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन्हीं समस्याओं को उजागर करने के लिए एक स्थानीय कंटेंट क्रिएटर ने खराब रास्ते पर एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। यह वीडियो शहर और संभाग के लोगों के बीच तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने भी इसका समर्थन किया।
कंटेंट क्रिएटर के लिए यह मुद्दा उठाना भारी पड़ गया। वीडियो पोस्ट करने के बाद अब उन पर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया जा रहा है और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी भी दी जा रही है।
कंटेंट क्रिएटर का कहना है कि उन्होंने यह वीडियो जनहित में बनाया था, आम लोगों की परेशानियों को जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने लाया जा सके। उनका उद्देश्य किसी को बदनाम करना नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान निकालना था।
हालांकि, वीडियो में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को लेकर उन्होंने खेद भी जताया है और माफी मांग ली है।

