कांकेर के पखांजूर में नाबालिग से दुष्कर्म, 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेजा गया

कांकेर। जिले के पखांजूर क्षेत्र से नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म करने वाले 52 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने न सिर्फ लड़की के साथ हैवानियत की, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

यह है पूरा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 जनवरी 2026 की है। पीड़िता के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के वक्त नाबालिग लड़की घर में अकेली थी। सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच ग्राम पीवी 59 निवासी विकास बाईन (52 वर्ष) वहां पहुंचा और पानी मांगा। जब लड़की पानी देने आई, तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर जबरदस्ती कमरे के अंदर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जाते वक्त आरोपी ने पीड़िता को डराया कि यदि उसने यह बात किसी को बताई, तो वह उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा।

शिकायत पर मामले की गंभीरता को देखते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन और अति. पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया।

वहीं आज पुलिस ने आरोपी विकास बाईन को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में पखांजूर थाना प्रभारी लक्ष्मण केवट, SI अनिल कुमार पालेश्वर, ASI बिन्दुलता देवांगन, हेड कांस्टेबल रूबेन टोप्पो और कांस्टेबल दिव्या का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *