कांकेर में मितानिनों का भुगतान संकट: प्रोत्साहन राशि लंबित, 3 जनवरी तक भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

कांकेर। जिले में कार्यरत मितानिनों को समय पर प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने से वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रही हैं। इस संबंध में छत्तीसगढ़ मितानिन नागरिक जागरूक संस्था, जिला कांकेर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल भुगतान की मांग की है। संस्था ने चेतावनी दी है कि यदि 3 जनवरी तक लंबित राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो मितानिनें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगी।

ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले एक वर्ष से मितानिनों को प्रोत्साहन राशि नियमित रूप से नहीं मिल रही है। कई मितानिनों से बिना भुगतान के कार्य कराया जा रहा है, जबकि वही कार्य अन्य विभागों के कर्मचारियों से कराया जाए तो उन्हें भुगतान किया जा रहा है। बीते चार महीनों से राज्यांश और केंद्रांश दोनों ही प्रोत्साहन राशि लंबित हैं, जिन्हें सिस्टम अपडेट का हवाला देकर टाला जा रहा है।

संस्था ने आरोप लगाया कि भुगतान की कोई निश्चित तिथि तय नहीं होने के कारण मितानिनों को लगातार आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसका असर उनके पारिवारिक जीवन पर भी पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ मितानिन नागरिक जागरूक संस्था ने मांग की है कि 3 जनवरी 2026 तक सभी लंबित प्रोत्साहन राशि (राज्यांश एवं केंद्रांश) का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। तय समय-सीमा में भुगतान नहीं होने की स्थिति में मितानिनों द्वारा सड़क पर उतरकर आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी गई है, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *