76वें गणतंत्र दिवस पर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में फहराया तिरंगा, संविधान के मूल्यों को किया गया स्मरण

रायपुर। रायपुर में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रदेश और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन देश में संविधान लागू हुआ, जिसने भारत को एक सशक्त और सुदृढ़ लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान की।

इस अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने नागरिकों को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का बोध भी कराया है और सभी को अपने कर्तव्यों के ईमानदार निर्वहन का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने बताया कि भारत 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र हुआ था और 26 जनवरी 1950 को संविधान को अंगीकार किया गया, जिसके साथ ही भारत एक लोकतांत्रिक, संप्रभु और गणतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान के निर्माण में 2 वर्ष 11 माह और 18 दिन का समय लगा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *