प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय दौरा अब एक दिन का, इन कार्यक्रमों के शेड्यूल में हुआ बदलाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस (राज्योत्सव) समारोह में शामिल होने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले जहां प्रधानमंत्री का दो दिवसीय प्रवास निर्धारित था, अब यह कार्यक्रम केवल एक दिन का होगा। प्रधानमंत्री मोदी 1 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे और उसी दिन सभी निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी को 31 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंचना था, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव में व्यस्तता के कारण अब वे सीधे 1 नवंबर को ही छत्तीसगढ़ आएंगे। हालांकि, प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में से किसी को रद्द नहीं किया गया है, बल्कि सभी कार्यक्रमों को एक ही दिन में समायोजित किया गया है।

ब्रह्मकुमारीज भवन के लोकार्पण समारोह में भी बदलाव

प्रधानमंत्री मोदी के संशोधित कार्यक्रम के तहत ब्रह्मकुमारीज संस्था के नए भवन के लोकार्पण समारोह की तारीख भी बदल दी गई है। पहले यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे 1 नवंबर को ही आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी आध्यात्मिक और सामाजिक उत्थान से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।

नवा रायपुर में विधानसभा भवन का लोकार्पण

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे का मुख्य आकर्षण होगा नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन का लोकार्पण। यह भवन छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक और विधायी पहचान का नया प्रतीक माना जा रहा है। राज्य गठन की रजत जयंती वर्ष में इस भवन का शुभारंभ होना पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा।

प्रधानमंत्री मोदी इस मौके पर राज्य की उपलब्धियों, विकास कार्यों और नई योजनाओं पर आधारित एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे राज्योत्सव 2025 के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे, जहां प्रदेश के विकास, जनकल्याण योजनाओं और सांस्कृतिक धरोहरों को प्रदर्शित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *