रायपुर नगर निगम का बड़ा एक्शन: 71 लाख से अधिक टैक्स बकाया पर 7 व्यावसायिक परिसर सील, पुष्प वाटिका मैरिज गार्डन पर सबसे कड़ी कार्रवाई

रायपुर। नए साल की शुरुआत के साथ ही रायपुर नगर पालिक निगम ने बड़े टैक्स बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में जोन क्रमांक 8 के राजस्व विभाग ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए सात प्रमुख बकायादारों के व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया। इन सभी पर नगर निगम का कुल 71 लाख 1 हजार 56 रुपये का कर बकाया है।

पुष्प वाटिका मैरिज गार्डन पर सबसे बड़ी कार्रवाई

रायपुरा स्थित पुष्प वाटिका मैरिज गार्डन पर निगम की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई। वार्ड क्रमांक 70 के अंतर्गत आने वाले इस मैरिज गार्डन के संचालकों पर करीब 46 लाख रुपये का टैक्स लंबे समय से बकाया था। कई बार नोटिस और अंतिम चेतावनी दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर निगम की टीम ने मैरिज गार्डन को सीलबंद कर दिया।

इन बड़े बकायादारों पर भी लटका ताला

  • राहुल धारीवाल: 18 लाख 17 हजार 223 रुपये।
  • देवीलाल शर्मा: 10 लाख 10 हजार 705 रुपये।
  • प्रितम सिंह: 5 लाख 23 हजार 112 रुपये।
  • हरवंश सिंह व अन्य: 4 लाख 46 हजार 911 रुपये।
  • अशोक कुमारविजय कुमार व अन्य: 2 लाख 23 हजार 160 रुपये।
  • आदिल खान: 1 लाख 39 हजार 493 रुपये।

अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान

यह कार्रवाई निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश और उपायुक्त राजस्व जागृति साहू के मार्गदर्शन में की गई। जोन 8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की।

निगम की सख्त चेतावनी

जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने बताया कि सभी बकायादारों को पूर्व में कई बार डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद कर जमा नहीं करने पर मजबूरन यह कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने साफ किया है कि आगे भी टैक्स न चुकाने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *