दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर से राजिम के बीच नई रेल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। आज से गाड़ी संख्या 68766/68767 रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है। यह ट्रेन प्रतिदिन दोनों दिशाओं में चलेगी, जिससे रायपुर और राजिम के बीच यात्रा करना सुविधाजनक और सुलभ हो जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रोजाना लगभग 2,000 यात्री इस मार्ग पर सफर करते हैं। इस नई रेल सेवा से आसपास के करीब ढाई लाख लोगों को लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों को न केवल राहत मिलेगी, बल्कि समय और खर्च दोनों की बचत होगी। खासतौर पर दैनिक यात्रियों, कामकाजी लोगों और छात्रों को इसका फायदा मिलेगा। इस ट्रेन में 06 सामान्य श्रेणी के डिब्बे, 02 पावरकार सहित कुल 08 कोच होंगे।
इस नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस शुभारंभ पर अन्य मंत्रीगण भी सम्मिलित थे, यह कदम क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

