क्षेत्रीय सरस मेला 2025 का समापन: स्व-सहायता समूह की महिलाओं को किया गया सम्मानित

रायपुर। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने एवं उनके उत्पादों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित क्षेत्रीय सरस मेला 2025 का आज समापन हुआ।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता धरसीवां विधायक अनुज शर्मा ने की।

मुख्य अतिथि पुरंदर मिश्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सरस मेले में भाग लेने वाली सभी बहनों का स्वागत करते हुए उन्हें दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि अनुज शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरस मेला ने महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आप सभी ने अपने गृह उद्योगों के उत्पादों से लोगों को प्रभावित किया है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन एवं पंचायत विभाग का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया कि उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों एवं जिलों की महिलाओं को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद और व्यापार विस्तार का अवसर उपलब्ध कराया। उन्होंने भी सभी बहनों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समापन कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं एवं समन्वयकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अतिथियों ने सभी स्टॉल का का भ्रमण कर स्व सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात की।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *