आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग में रोटी मेकिंग मशीन की खरीदी में बड़ा घोटाला सामने आया है। आरोप है कि विभाग ने प्रयास विद्यालय के लिए यह मशीन 7.95 लाख रुपए में खरीदी, जबकि बाजार में इसकी कीमत मात्र 50-60 हजार रुपए है। सोशल मीडिया पर इस खरीदी को लेकर भारी विरोध और आरोप लगने के बाद विभागीय मंत्री रामविचार नेताम ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने प्रमुख सचिव को 7 दिनों के भीतर वास्तविक स्थिति की जानकारी देने को कहा है।
रोटी मेकिंग मशीन के साथ-साथ कंप्यूटर, टेबल, कुर्सी और अन्य उपकरण भी खरीदे गए हैं, जिनके लिए 275 (1) मद के तहत राशि स्वीकृत की गई थी। आदेश में उल्लेख है कि विभागों द्वारा बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दरों पर सामग्री खरीदे जाने की शिकायतें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही हैं, जिस पर अब कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर कलेक्टर (आदिवासी विकास) द्वारा प्रयास संस्था में अधिक दरों पर रोटी मेकिंग मशीन खरीदी की शिकायत भी आदेश में संलग्न है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग में खरीदी में घोटाला कोई नया मामला नहीं है। आदिवासी आश्रम छात्रावासों के लिए की जाने वाली खरीदी में अक्सर मोटे कमीशन के लालच में या तो घटिया सामग्री सप्लाई होती है या फिर केवल कागजों में ही खरीदी दिखाकर भ्रष्टाचार किया जाता है।

