सरगुजा। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने कड़ाके की शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के बाद सरगुजा जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिले में अत्यधिक ठंड के चलते 10 जनवरी तक कक्षा पहली से पांचवीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार सरगुजा संभाग में तापमान गिरकर 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे शीतलहर और तेज कनकनी का असर देखा जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आदेश जारी किया गया है कि कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा।
हालांकि आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक और स्कूल कर्मचारी पूर्व निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। साथ ही शिक्षा विभाग ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों को ठंड से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए हैं।


