मंत्री के काफिले में शामिल स्कॉर्पियो पलटी, CAF के जवान गंभीर रूप से घायल

महासमुंद। जिले में सोमवार को एक सड़क हादसे में पर्यटन मंत्री के काफिले के साथ चल रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान का हाथ टूट गया, जबकि एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया। घायल CAF जवान को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी को जिले की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल सोमवार को सिरपुर पहुंचे थे। मंत्री ने वहां विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और इसके बाद वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान नेशनल हाईवे-53 पर पिरदा के पास करीब दोपहर 2:37 बजे मंत्री के काफिले को फॉलो कर रही स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 04 NZ 8178) तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और पलट गई। वाहन में जिला पुलिस बल के हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई (45), CAF 15वीं बटालियन के जवान प्रदीप कुमार (26) और चालक सवार थे।

हादसे में CAF जवान प्रदीप कुमार का हाथ टूट गया, जबकि हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद CAF जवान की हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार बताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *