रायपुर। जमीन की नई गाइडलाइन दरों में वृद्धि को भाजपा के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता नरेश चंद्र गुप्ता ने उचित ठहराया है। उन्होंने कहा कि संशोधित दरें अब खरीदी-बिक्री के वास्तविक बाजार मूल्य के करीब हैं, जिससे कालाधन और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और सरकार को भी वास्तविक राजस्व प्राप्त होगा।
गुप्ता ने विरोध करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या वे इस बात की गारंटी दे सकते हैं कि गाइडलाइन दरें घटाने पर सौदे उसी दर पर होंगे और ऊपर से नकद लेन-देन नहीं किया जाएगा? उन्होंने कहा कि यदि कुछ क्षेत्रों में दरें अधिक लग रही हैं, तो केवल उन्हीं मामलों पर चर्चा होनी चाहिए। जनकल्याणकारी सरकार चलाने के लिए उचित कर संग्रह जरूरी है, तभी सार्वजनिक हित के कार्य प्रभावी रूप से हो सकते हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जहां गाइडलाइन दर 1800 रुपये प्रति वर्ग फीट है, वहां वास्तविक सौदे 6000 रुपये प्रति वर्ग फीट में हो रहे हैं और ऑनलाइन पोर्टलों पर 6500 रुपये तक का विज्ञापन दिया जा रहा है। ऐसे में सरकार द्वारा बाजार भाव के अनुरूप गाइडलाइन दरें तय करना पूरी तरह सही और न्यायोचित है।

