जगदलपुर। ओडिशा के कंधमाल जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए बड़े अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ में 2 महिला और 4 पुरुष समेत कुल 6 नक्सलियों को मार गिराया गया है। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी (सीसी) सदस्य गणेश उईके और एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) बारी उर्फ राकेश शामिल हैं।
कंधमाल जिले के चाकापाड़ क्षेत्र में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच बीती रात से मुठभेड़ जारी है। बीती रात हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए थे, जिनमें सुकमा निवासी एसीएम और बीजापुर का अमृत दलम सदस्य बारी उर्फ राकेश शामिल था। दोनों नक्सलियों पर कुल 23 लाख 65 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घटनास्थल से दो हथियार भी बरामद किए गए थे।

वहीं, आज सुबह मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने दो महिला और दो पुरुष नक्सलियों को ढेर कर दिया। इनमें से एक सेंट्रल कमेटी मेंबर गणेश उईके भी शामिल है, जिसकी सात राज्यों में तलाश थी। तेलंगाना के नलगोंडा जिले का निवासी गणेश उईके साउथ सब जोनल का इंचार्ज था।
इस संयुक्त ऑपरेशन में ओडिशा पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की 20 टीमें और सीआरपीएफ की 3 टीमें शामिल रहीं। पूरे अभियान की निगरानी ओडिशा पुलिस के डीआईजी ऑपरेशन आईपीएस अखिलेश्वर सिंह और कंधमाल के एसपी द्वारा की जा रही है। मुठभेड़ स्थल से दो इंसास राइफल और एक .303 राइफल बरामद की गई है।

